नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया संबोधन पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रो. मनोज झा ने कहा कि प्रधानमंत्री का देश को संबोधित करना जरूरी था और देश इसका इंतजार कर रहा था।
सांसद मनोज झा ने कहा, “प्रधानमंत्री ने जो कहा, वह हमारी सेनाओं की प्रेसवार्ता की पुष्टि थी। अच्छा लगा कि देश के प्रधानमंत्री ने इस विषय पर बोला। लेकिन जो बात चिंताजनक है, वह यह कि अमेरिका जैसे देश के राष्ट्रपति हमसे पहले युद्धविराम की घोषणा कर देते हैं। यह भारत जैसे स्वाभिमानी राष्ट्र की प्रतिष्ठा का सवाल है।”
उन्होंने आगे कहा कि यह मसला किसी भी सियासी खेमे का नहीं है। “यह न पक्ष का मामला है, न विपक्ष का। यह देश की गरिमा और उसकी रणनीतिक स्थिति से जुड़ा सवाल है। हमें अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी स्थिति को और मजबूत करना होगा और इस तरह की स्थितियों का प्रतिकार करना चाहिए।”
मनोज झा के इस बयान को राजनीतिक हलकों में एक परिपक्व और राष्ट्रहित से जुड़ा दृष्टिकोण माना जा रहा है, जो वर्तमान समय में राष्ट्रीय एकजुटता की आवश्यकता को दर्शाता है।