वैशाली | भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान 2025 को सफल बनाने हेतु जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी वैशाली, वर्षा सिंह के नेतृत्व में लगातार फील्ड भ्रमण किया जा रहा है। इसी क्रम में भगवानपुर प्रखंड मुख्यालय में आम लोगों के बीच इस अभियान की महत्ता को प्रचारित-प्रसारित करने के उद्देश्य से एक हेल्प डेस्क का उद्घाटन किया गया।
हेल्प डेस्क का विधिवत शुभारंभ फीता काटकर व दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, भगवानपुर को निर्देश दिया गया कि इसी प्रकार के हेल्प डेस्क पंचायत स्तर पर भी स्थापित किए जाएं, जिससे अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें और आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकें।
इसके अतिरिक्त, जिला पदाधिकारी वैशाली द्वारा प्रखंड में संचालित कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया गया। कंट्रोल रूम कर्मियों को निर्देशित किया गया कि वितरण कार्य में तेजी लाते हुए, प्राप्त गणना फॉर्मों की जांच BLO सुपरवाइजर के माध्यम से सुनिश्चित करें ताकि स्कूटनी की प्रक्रिया भी साथ-साथ चलती रहे। BLO सुपरवाइजरों को मतदाताओं से सीधे संपर्क कर कार्य को गति देने के निर्देश दिए गए।
इसी कड़ी में, जिला पदाधिकारी ने जहांगीरपुर पटेरा पंचायत के वार्ड संख्या 5 स्थित महादलित बस्ती में रात्रि चौपाल में भाग लिया। चौपाल के दौरान उन्होंने महादलित परिवारों से संवाद स्थापित कर उन्हें विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
जिला पदाधिकारी के आगमन पर स्थानीय परंपरा के अनुरूप महादलित महिलाओं द्वारा तिलक लगाकर स्वागत किया गया। स्थानीय महिला चंदा पटेल ने वजिका भाषा में जागरूकता गीत प्रस्तुत कर सबका ध्यान आकर्षित किया और जिला पदाधिकारी को सम्मानित किया। साथ ही, महादलित समुदाय के बच्चों ने पुष्पवर्षा कर उनका अभिनंदन किया।
इस अवसर पर आटा और अबीर से निर्मित आकर्षक रंगोली भी सजाई गई। चंदा पटेल द्वारा जलकुंभी से निर्मित टोपी, बैग, पेन स्टैंड आदि हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन भी किया गया, जिसे देखकर जिला पदाधिकारी ने इन्हें कुटीर उद्योग के रूप में विकसित करने का सुझाव दिया।
इस कार्यक्रम में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, 124 लालगंज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी भगवानपुर, अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी और प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सहित कई अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित थे।