कुहासे में बुझ गया घर का चिराग, महुआ में अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत

પ્રશાંત પ્રકાશ
By -
0

वैशाली (महुआ) | जिले के महुआ प्रखंड अंतर्गत शेरपुर मानिकपुर पंचायत के अख्तियारपुर गांव में गुरुवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को गम और आक्रोश में डुबो दिया। गांव निवासी आनंद किशोर सिंह उर्फ दारा सिंह के पुत्र विवेक कुमार सिंह उर्फ चुन्नू की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय घोर कुहासा छाया हुआ था। इसी दौरान तेज रफ्तार एक अज्ञात वाहन ने स्कूटी सवार विवेक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विवेक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

घटना की खबर मिलते ही गांव और आसपास के इलाके में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों में प्रशासन के प्रति भारी आक्रोश देखा गया। गुस्साए लोगों ने महुआ गुरु चौक के समीप जलालपुर गांव में सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। सड़क जाम कर रहे ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतक के परिवार को उचित मुआवजा, अज्ञात वाहन चालक की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी, तथा पीड़ित परिवार को सरकारी सहायता देने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना था कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन न तो स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था है और न ही कुहासे के समय कोई सुरक्षा इंतजाम। प्रशासन की लापरवाही के कारण निर्दोष लोगों की जान जा रही है।

सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अधिकारियों ने उचित कार्रवाई और मुआवजे का आश्वासन दिया, जिसके बाद सड़क जाम समाप्त कराया गया।

यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और कुहासे के समय वाहनों की रफ्तार पर सख्ती की जरूरत को उजागर करता है। एक होनहार युवक की असमय मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
WhatsApp Logo