देसरी को अनुमंडल बनाने समेत चार सूत्री मांगों को लेकर संघर्ष मोर्चा का आंदोलन तेज, सांकेतिक प्रदर्शन

પ્રશાંત પ્રકાશ
By -
0
देसरी प्रखंड परिवर्तन संघर्ष मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को आशीर्वाद कॉम्प्लेक्स में विजय कुमार यादव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में प्रखंड से जुड़ी ज्वलंत जनसमस्याओं, प्रशासनिक उपेक्षा और विकास से संबंधित मुद्दों पर गंभीर विमर्श किया गया।

बैठक में सर्वसम्मति से देसरी को अनुमंडल का दर्जा देने, देसरी रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण, दिल्ली, कोलकाता, असम एवं पुणे जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव, तथा स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली के खिलाफ क्रमबद्ध आंदोलन चलाने का निर्णय लिया गया। साथ ही देसरी बाजार को स्वच्छ और सुव्यवस्थित बनाने के लिए भी पहल करने पर सहमति बनी।

बैठक को संबोधित करते हुए संघर्ष मोर्चा के सचिव रंजीत पंडित ने कहा कि देसरी रेलवे फाटक पर प्रतिदिन घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे एंबुलेंस तक फँस जाती है और मरीजों की जान पर बन आती है। देसरी को अनुमंडल का दर्जा नहीं मिलने के कारण लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए हाजीपुर, महनार एवं महुआ जैसे दूरस्थ स्थानों पर जाना पड़ता है, जिससे छात्र, महिलाएं, व्यापारी और आम नागरिक अत्यधिक परेशान रहते हैं। सरकार और प्रशासन इस गंभीर समस्या पर आंख मूंदे बैठा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अध्यक्षीय संबोधन में विजय कुमार यादव ने कहा कि रेलवे फ्लाईओवर का निर्माण न केवल देसरी, बल्कि आसपास के कई प्रखंडों के लिए आवागमन को सुगम बनाएगा, जिससे व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई गति मिलेगी।

बैठक में राजकुमार जायसवाल एवं रत्नेश कुमार सिंह ने बताया कि संघर्ष मोर्चा के सचिव द्वारा जुलाई माह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को देसरी को अनुमंडल बनाने की मांग को लेकर पत्र दिया गया था, जिसे मुख्यमंत्री सचिवालय ने सामान्य प्रशासन विभाग को अग्रसारित किया। सूचना के अधिकार के तहत प्राप्त जानकारी में सामान्य प्रशासन विभाग ने बताया कि इस संबंध में जिला पदाधिकारी एवं प्रमंडलीय आयुक्त के माध्यम से कोई विधिवत प्रस्ताव प्राप्त नहीं हुआ है। इसके बाद मोर्चा द्वारा जिलाधिकारी एवं आयुक्त, मुजफ्फरपुर से प्रस्ताव भेजने का अनुरोध किया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आंदोलन की रूपरेखा तय की गई है।

बैठक के पश्चात संघर्ष मोर्चा से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के माध्यम से सरकार से मांग की गई कि अविलंब देसरी रेलवे फाटक पर फ्लाईओवर निर्माण को स्वीकृति दी जाए, जनहित एक्सप्रेस सहित दिल्ली, कोलकाता, असम एवं पुणे जाने वाली प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव देसरी स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाए तथा देसरी को अनुमंडल का दर्जा प्रदान किया जाए।

संघर्ष मोर्चा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

बैठक में सुबोध पासवान, सोहन कुमार, शिव कुमार गुप्ता, अनिल जायसवाल, धीरज कुमार, राकेश जायसवाल, दयानंद पासवान, सुरेश कुमार, अर्जुन मांझी, नीरज कुमार, विद्याभूषण कुमार, संतोष कुमार, संजय कुमार, विशाल कुमार सिंह, बिंदा सिंह, उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में बुद्धिजीवी, युवा, छात्र और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
WhatsApp Logo