पटना | होली के रंगों के बीच सियासी तंज भी उड़ाए जा रहे हैं। राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने बिना नाम लिए नीतीश कुमार की राजनीतिक अदाओं पर कटाक्ष करते हुए सोशल मीडिया पर एक रोचक टिप्पणी की।
रोहिणी ने X (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा—
"कभी किसी के नाम की रेल चलाएं, कभी चलाएं तीर फुस्सफुसिया।
अब बात-बात पर खीज दिखाएं, फिर भी चाचा हमारे रहे बड़े रंगरसिया।
जोगीरा...... !! बुरा न मानो होली है।
वैसे बुरा मानने की भी पूरी छूट है ..!!"
सियासी रंग में सराबोर होली
बिहार की राजनीति में होली का त्योहार भी सियासी रंगों से सराबोर हो गया है। रोहिणी आचार्य के इस ट्वीट को सीधा-सीधा नीतीश कुमार पर कटाक्ष माना जा रहा है। उन्होंने यह टिप्पणी ऐसे समय की है जब बिहार में राजनीतिक समीकरण लगातार बदल रहे हैं।
रोहिणी के इस बयान का संकेत नीतीश कुमार के बार-बार पाला बदलने की राजनीति पर था। कभी भाजपा, कभी राजद और कभी जदयू की अलग-अलग नीतियों के साथ उनका चलना हमेशा चर्चा का विषय बना रहता है। इसी संदर्भ में रोहिणी ने व्यंग्य किया कि नीतीश कुमार कभी रेल मंत्री रहते हुए लालू प्रसाद के नाम पर योजनाएं चलाते थे, तो कभी अपने 'तीर' (जदयू का चुनाव चिन्ह) से निशाना साधते थे, जो अक्सर 'फुस्स' हो जाता है'।
राजनीतिक तंज या व्यंग्यात्मक शुभकामनाएं?
रोहिणी आचार्य के इस ट्वीट को कुछ लोग होली की शुभकामनाओं में लिपटा कटाक्ष मान रहे हैं, तो कुछ इसे नीतीश कुमार पर सीधा हमला कह रहे हैं। बिहार की राजनीति में लालू यादव और नीतीश कुमार की प्रतिस्पर्धा किसी से छिपी नहीं है।
इससे पहले भी रोहिणी आचार्य सोशल मीडिया के जरिए नीतीश कुमार और भाजपा पर हमलावर रही हैं। लेकिन इस बार उनके शब्दों में चुटीला व्यंग्य यह बताता हैं कि विधानसभा चुनाव से पहले बिहार में राजनितिक सरगर्मी किस तरह बढ़ चुकी हैं और राजद पूरे आर पार के मूड में हैं।
