क्रिकेट जगत में महज 14 वर्ष की उम्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले बिहार के प्रतिभाशाली खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी समेत देश के कई मेधावी बच्चों को आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सम्मानित किया। इन सभी बच्चों को उनकी असाधारण उपलब्धियों और प्रतिभा के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से नवाजा गया।
सम्मान समारोह के दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव सूर्यवंशी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने कड़ी प्रतिस्पर्धा और प्रतिभाओं से भरे क्रिकेट जगत में अपनी पहचान बनाई है। राष्ट्रपति ने कहा, “यह तो अभी शुरुआत है। वैभव को देखकर देश के अन्य बच्चे प्रेरणा लेंगे, सीखेंगे और उन्हें फॉलो करेंगे।”
राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि कम उम्र में इस तरह की उपलब्धियां न केवल बच्चों की मेहनत और लगन को दर्शाती हैं, बल्कि यह पूरे देश के लिए गर्व की बात है। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार पाने वाले बच्चों ने शिक्षा, खेल, कला, समाज सेवा और नवाचार जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन किया है।
इस अवसर पर बच्चों के अभिभावक और उपस्थित गणमान्य लोग भी भावुक नजर आए। समारोह में यह संदेश दिया गया कि देश की नई पीढ़ी में असीम संभावनाएं हैं और उन्हें सही मार्गदर्शन व अवसर मिलें तो वे भविष्य में भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
