बाबा थानेश्वर नृत्य महोत्सव का भव्य समापन, पटेल मैदान में देर रात तक झूमते रहे शहरवासी

પ્રશાંત પ્રકાશ
By -
0
समस्तीपुर | शहर के पटेल मैदान में आयोजित बाबा थानेश्वर नृत्य महोत्सव का रविवार को भव्य समापन हुआ। नृत्य और संगीत के अद्भुत संगम ने दर्शकों को देर रात तक मंत्रमुग्ध किए रखा। अंतिम दिन शहरवासी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का भरपूर आनंद लेते नजर आए।

कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन संध्या कालीन दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। मंच पर नेतृ चेतना झाम, सदर एसडीएम, बीएसएनएल के प्रबंधक श्री विनोद कुमार, पशु प्रेमी महेंद्र प्रधान, अभिषेक, मुकेश केसरी सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

महोत्सव की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसे ग्रेडेड कलाकार विजय कुमार मिश्रा के नेतृत्व में समूह कथक नृत्य के रूप में प्रस्तुत किया गया। इसके पश्चात धमार ताल पर शिव वंदना की भावपूर्ण प्रस्तुति रूपेश कुमार गुप्ता ने दी। स्थानीय युवा कलाश्रम के कलाकारों ने कृष्ण भजन ‘सुंदर गोपालम’ तथा तराना ध्रुपद की प्रस्तुति देकर दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया।

कार्यक्रम में बिहार के कई न्यूज़ चैनलों में अपनी सशक्त आवाज से पहचान बना चुकी लोकप्रिय गायिका वैष्णवी ने नचारी और लोकगायिका शारदा सिन्हा के गीतों की प्रस्तुति दी। महेंद्र मिश्र और भिखारी ठाकुर की रचनाओं को अपनी आवाज में प्रस्तुत कर उन्होंने श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया।

महोत्सव का आकर्षण रहीं भोजपुरी आइटम गीतों की चर्चित गायिका इंदू सोनाली। उनकी दमदार आवाज पर पटेल मैदान देर रात तक तालियों और उत्साह से गूंजता रहा। उल्लेखनीय है कि इंदू सोनाली भोजपुरी सिनेमा की जानी-मानी पार्श्व गायिका हैं और अब तक लगभग 300 से अधिक फिल्मों तथा 50 से ज्यादा संगीत एल्बमों में अपनी आवाज दे चुकी हैं।

राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के कलाकारों की प्रस्तुतियों ने इस महोत्सव को यादगार बना दिया और समस्तीपुर की सांस्कृतिक पहचान को एक नई ऊंचाई प्रदान की।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
WhatsApp Logo