स्वास्थ्य सेवाओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : जिलाधिकारी

પ્રશાંત પ્રકાશ
By -
0
जिला पदाधिकारी, वैशाली वर्षा सिंह के निर्देश पर दिनांक 31.12.2025 को सदर अस्पताल हाजीपुर सहित जिले के सभी सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में एक साथ औचक निरीक्षण किया गया। इस निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि बढ़ती ठंड एवं शीतलहर के दौरान आमजन को उपचार में किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। जिला पदाधिकारी इस विषय में विशेष रूप से संवेदनशील हैं और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता पर निरंतर निगरानी रखे हुए हैं।

वरीय पदाधिकारियों एवं जिला तथा प्रखंड स्तर के वरीय अधिकारियों द्वारा निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध कराई जा रही आकस्मिक सेवाओं, शीतलहर एवं ठंड को ध्यान में रखते हुए रोगियों के उपचार की व्यवस्था, महिला एवं प्रसूति सेवाएं, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण केंद्र, ओपीडी सेवाएं, जांच सुविधाएं सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं के आधार पर विस्तृत जाँच की गई। निरीक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि मरीजों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हों।

जिलाधिकारी के आदेश पर अपर समाहर्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन), उप विकास आयुक्त सहित सभी वरीय एवं जिला स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा एक साथ सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का औचक निरीक्षण किया गया। एक साथ किए गए इस व्यापक निरीक्षण से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया।

सदर अस्पताल हाजीपुर में अपर समाहर्ता द्वारा किए गए निरीक्षण के दौरान तीन चिकित्सक एवं दो एएनएम अनुपस्थित पाए गए। हालांकि अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक पाई गई। भर्ती मरीजों एवं उनके परिजनों से पूछताछ में यह जानकारी मिली कि दवाइयां, इंजेक्शन, कंबल, हीटर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।
अनुमंडलीय अस्पताल महुआ में उप विकास आयुक्त द्वारा सुबह आठ बजे किए गए निरीक्षण में रोस्टर के अनुसार चिकित्सक एवं एएनएम ड्यूटी पर उपस्थित पाए गए। हालांकि दवा वितरण केंद्र बंद पाया गया। मरीजों एवं उनके परिजनों ने स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।

इसके अतिरिक्त सभी प्रखंडों में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारियों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं आयुष्मान आरोग्य केंद्रों का निरीक्षण एवं जांच की गई।

जिला पदाधिकारी द्वारा स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही या कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस व्यापक स्तर पर संपन्न निरीक्षण एवं जांच के क्रम में जो भी कर्मी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

जिला पदाधिकारी वर्षा सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि सदर अस्पताल, अनुमंडलीय अस्पताल सहित जिले के किसी भी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र पर किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़, नियमित एवं जनोपयोगी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
WhatsApp Logo