किसानों के हित में महाअभियान : किसान पंजीकरण में वैशाली जिला बिहार में द्वितीय स्थान पर

પ્રશાંત પ્રકાશ
By -
0
वैशाली | जिला प्रशासन द्वारा किसानों के हित में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री महाअभियान के अंतर्गत वैशाली जिले ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। जिले ने एक ही दिन में 4,829 किसानों का सफल पंजीकरण कर बिहार राज्य में द्वितीय स्थान प्राप्त किया है।

इसी क्रम में जिला पदाधिकारी वैशाली, वर्षा सिंह ने प्रथम चरण के तहत 07 जनवरी 2026 को हाजीपुर सदर प्रखंड के हरोली पंचायत में आयोजित फार्मर रजिस्ट्री कैंप का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंजीकरण प्रक्रिया की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शेष बचे सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आगामी दो दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से पूर्ण कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र किसान योजना के लाभ से वंचित न रहे।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कैंप में मौजूद किसानों से सीधा संवाद कर उनके अनुभव और समस्याएं जानीं। किसानों ने बताया कि पंजीकरण प्रक्रिया सरल, सुगम और पारदर्शी है तथा उन्हें किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक परेशानी नहीं हो रही है। किसानों ने जिला प्रशासन की व्यवस्थाओं की खुलकर सराहना की।

प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय देते हुए जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने स्वयं किसानों का e-KYC कर फार्मर रजिस्ट्रेशन भी कराया। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को समयबद्ध, सुगम एवं पारदर्शी सेवा उपलब्ध कराई जाए और हर पात्र किसान का पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए।

अभियान के दौरान भगवानपुर प्रखंड ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 649 किसानों का पंजीकरण किया। यहां सुबह 7 बजे से घर-घर संपर्क, ब्लॉक मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार तथा दिन में कैंप आधारित पंजीकरण की रणनीति अपनाई गई, जिसे अन्य प्रखंडों के लिए अनुकरणीय मॉडल माना जा रहा है।

अभियान को और गति देने के लिए जिला प्रशासन ने सभी अंचलों को प्रतिदिन न्यूनतम 1000 किसान पंजीकरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। सभी मौजों को शत-प्रतिशत कवर करने, अमीनों को अभियान से जोड़ने और मिशन मोड में कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

इस महाअभियान में ADM, SDO, DCLR, BDO, BAO, CO, RO, हल्का कर्मचारी एवं कृषि समन्वयक सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। किसानों की सुविधा के लिए OTP आधारित e-KYC, मल्टीपल लॉगिन यूज़र की व्यवस्था तथा फील्ड कर्मियों को प्रशिक्षण देकर रणनीति आधारित कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है।

जिलाधिकारी द्वारा प्रतिदिन निरीक्षण कर अभियान की सतत निगरानी की जा रही है, जिसमें वृद्ध एवं सीमांत किसानों पर विशेष फोकस है। वहीं, माननीय मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में आयोजित राज्यस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में भी सभी जिलों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित अधिकारियों और कर्मियों से अपील की है कि किसानों के हित में चल रहे इस महाअभियान को और तेज गति देते हुए निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करें, ताकि कोई भी पात्र किसान पंजीकरण से वंचित न रह जाए।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)
WhatsApp Logo